हरियाणा

Rewari: प्लाइवुड शोरूम में लगी भीषण आग, दमकल की 10 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

Admindelhi1
26 July 2026 12:26 PM IST
Rewari: प्लाइवुड शोरूम में लगी भीषण आग, दमकल की 10 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
x
10 दमकल गाड़ियों की मदद से रेवाड़ी शोरूम की आग पर काबू

रेवाड़ी: जिले के गांव गोकलगढ़ टी-प्वाइंट स्थित एक प्लाइवुड शोरूम में रविवार सुबह भीषण आग लगने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने पूरे शोरूम और उससे जुड़े गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय गोदाम के बाहर सो रहे पांच श्रमिक समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार गोकलगढ़ टी-प्वाइंट के पास वुड स्टूडियो नाम से संचालित प्लाइवुड शोरूम में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते लपटें पूरे परिसर में फैल गईं। आसपास के दुकानदारों ने तुरंत शोरूम मालिक, पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

रेवाड़ी से दमकल की दो गाड़ियां सबसे पहले मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए धारूहेड़ा और बावल आईएमटी से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। कुल 10 दमकल गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग की सूचना मिलने पर नगर परिषद चेयरपर्सन विनिता पीपल और पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित व्यापारी, आसपास के दुकानदारों तथा अधिकारियों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

सहायक फायर ऑफिसर संजय ढिल्लन ने बताया कि आग बुझाने के लिए 10 दमकल गाड़ियों को लगाया गया था। फिलहाल आग पूरी तरह से नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

Next Story