हरियाणा

Rewari: चार साल की मासूम के साथ दुष्कर्म, आरोपी की तलाश जारी

Admindelhi1
9 Sept 2026 2:57 PM IST
Rewari: चार साल की मासूम के साथ दुष्कर्म, आरोपी की तलाश जारी
x
मासूम से दुष्कर्म के बाद आरोपी फरार, रेवाड़ी में केस दर्ज

रेवाड़ी: रेवाड़ी में चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिहार निवासी परिवार की बच्ची के साथ पड़ोस में किराए पर रहने वाले मध्य प्रदेश निवासी युवक ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी बावल स्थित एक कंपनी में कर्मचारी है। घटना के बाद से वह फरार है। कसोला थाना पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बिहार निवासी एक परिवार कसोला थाना क्षेत्र के एक गांव में रहता है। उनके पड़ोस में मध्य प्रदेश के सागर जिले का एक युवक किराए के कमरे में रहता था। मंगलवार शाम को बच्ची की मां अस्पताल में दवाई लेने गई थी। महिला अपनी चार साल की बेटी को पड़ोसी युवक के पास छोड़कर अस्पताल चली गई।

देर शाम महिला अस्पताल से वापस लौटी और अपनी बच्ची को लेने आरोपी के कमरे पर पहुंची। वहां बच्ची बदहाल अवस्था में बेहोश पड़ी मिली। आरोपी युवक मौके से फरार था। बच्ची की हालत देखकर महिला घबरा गई और उसने घटना की जानकारी अपने पति तथा पड़ोसियों को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने के बाद कसोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी कंपनी कर्मी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story