हरियाणा

राम रहीम पहुंचे सुनारिया जेल

Manish Sahu
20 Aug 2023 2:35 PM GMT
राम रहीम पहुंचे सुनारिया जेल
x
हरियाणा: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को लेकर बड़ी खबर आई है। इसके अनुसार बाबा राम रहीम को मिली एक महीने की पैरोल 20 अगस्त को खत्म हो गई है। बाबा राम रहीम की 30 दिनों की पैरोल खत्म हुई है। जिसके बाद राम रहीम को हरियाणा की रोहतक पुलिस रविवार को उत्तर प्रदेश के बागपत से लेकर सुनारिया जेल पहुंची।
जानकारी के मुताबिक राम रहीम 4 बजकर 55 मिनट पर सुनारिया जेल पहुंचा है। इसके बाद वो फिर से जेल की सलाखों के पीछे ही रहेगा। उसे भारी सुरक्षा के बीच बरनावा आश्रम से रोहतक की सुनारिया जेल तक ले जाया गया। इस काफीले में डीएसपी मुख्यालय से डॉक्टर रवींद्र व सांपला डीएसपी राकेश भी साथ थे। जेल लाने के दौरान स्थानीय पुलिस बल, एलआईयू और खुफिया विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। इस दौरान बाबा राम रहीम की मुंह बोली बेटी हनीप्रीत भी उसे छोड़ने सुनारिया जेल आई थी। गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने बाबा राम रहीम की 30 दिनों की पैरोल को 20 जुलाई को मंजूर किया था। पैरोल के दौरान बाबा राम रहीम बागपत के बरनावा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम में ठहरे रहे थे।
हाल ही में मनाया जन्मदिन
बता दें कि राम रहीम का जन्मदिन हाल ही में 15 अगस्त को मनाया गया है। राम रहीम साध्वी से दुष्कर्म और पत्रकार की हत्या के आरोप में सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। वर्ष 2017 में सीबीआई की विशेष अदालत ने राम रहीम को दो साध्वियों के यौन उत्पीड़न केस में 10-10 साल की कैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद उसे पत्रकार छत्रपति हत्याकांड और रणजीत हत्याकांड में अदालत ने सजा सुनाई थी। वहीं इस बार हरियाणा सरकार से मिली पैरोल के दौरान ही 15 अगस्त को राम रहीम ने अपना जन्मदिन मनाया है। इस दौरान वो अपने शिष्यों के साथ डेरा सच्चा सौदा में ही रहे। इस दौरान उन्होंने हनीप्रीत के साथ अपना जन्मदिन मनाया और पौधारोपण भी किया।
सात बार मिल चुकी है पैरोल
राम रहीम को अब तक हरियाणा सरकार कुल सात बार पैरोल दे चुकी है। उसे पहले पैरोल 24 अक्टूबर 2020 को मिली थी जो सिर्फ एक दिन के लिए थी, जिसमें उसने अपनी बीमार मां से मुलाकात की थी। इसके बाद फिर बीमार मां से मिलने के लिए ही उसे 21 मई 2021 को पैरोल मिली थी जो एक दिन की थी। तीसरी पैरोल उसे सात फरवरी 2022 को मिली थी, जो 21 दिनों की थी। उसकी चौथी पैरोल जून 2022 में मंजूर हुई थी जो एक महीने की थी। पांचवी बार वो 40 दिनों के लिए अक्टूबर 2022 में बाहर आया था। इसके बाद छठी बार वो 21 जनवरी 2023 को 40 दिनों के लिए बाहर आया था। इसके बाद 20 जुलाई को 30 दिनों के लिए वो जेल से बाहर आया था और इस दौरान उसका जन्मदिन भी था।
Next Story