हरियाणा

रेलवे की आय में 11.96 प्रतिशत की बढ़ोतरी, बीकानेर मंडल ने हासिल की उपलब्धि

Admindelhi1
19 Nov 2026 12:01 PM IST
रेलवे की आय में 11.96 प्रतिशत की बढ़ोतरी, बीकानेर मंडल ने हासिल की उपलब्धि
x
रेलवे को मिला यात्रियों और माल ढुलाई का लाभ, बीकानेर मंडल की कमाई बढ़ी

हिसार: उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शुरुआती सात महीनों में आय के मामले में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के निर्देशन में अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान कुल 954.17 करोड़ रुपये की आय अर्जित की गई। पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 852.27 करोड़ रुपये था। इस प्रकार मंडल की कुल आय में 11.96 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

रेलवे की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, आरक्षित और अनारक्षित टिकटों की बिक्री से मंडल को 395.81 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। पिछले वर्ष इसी अवधि में टिकटों से 350.31 करोड़ रुपये मिले थे। इस मद में 12.99 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

अन्य कोचिंग स्रोतों से मंडल को 41.70 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले वर्ष के 41.02 करोड़ रुपये की तुलना में 1.66 प्रतिशत अधिक है।

मालभाड़े से होने वाली आय में भी वृद्धि दर्ज की गई है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक माल परिवहन से 346.46 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 322.02 करोड़ रुपये था। इस प्रकार मालभाड़े से होने वाली आय में 7.59 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

वहीं, अन्य विविध स्रोतों से 170.20 करोड़ रुपये की आय अर्जित की गई। पिछले वर्ष इस मद में 138.92 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। विविध स्रोतों से आय में 22.52 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो सभी प्रमुख आय श्रेणियों में सर्वाधिक रही।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, माल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक इकाइयों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है। माल ढुलाई प्रक्रियाओं को सरल बनाने और ग्राहक-केंद्रित सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

यात्रियों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। अक्टूबर 2026 तक मंडल के विभिन्न स्टेशनों से 298.77 लाख यात्रियों ने रेल यात्रा की, जबकि पिछले वर्ष समान अवधि में यह संख्या 293.34 लाख थी। इस प्रकार यात्रियों की संख्या में 1.85 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

इसके अलावा अक्टूबर 2026 में बीकानेर मंडल की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालना 94.24 प्रतिशत रही।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, माल परिवहन बढ़ाने और ट्रेनों के समयबद्ध संचालन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Next Story