हरियाणा

पंजाब-हरियाणा बार काउंसिल चेयरमैन का हिसार दौरा

Admindelhi1
29 Oct 2026 11:44 AM IST
पंजाब-हरियाणा बार काउंसिल चेयरमैन का हिसार दौरा
x
बार काउंसिल चेयरमैन ने हिसार में विकास कार्यों के लिए की मदद

हिसार: जिला बार एसोसिएशन हिसार की ओर से बार रूम में पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के चेयरमैन अधिवक्ता अमित राणा के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप सिंह बाजिया ने की, जबकि मंच संचालन सचिव समीर सिहाग ने किया। इस दौरान युवा और महिला अधिवक्ताओं ने गुलदस्ता भेंट कर चेयरमैन का स्वागत किया। अमित राणा ने बार के विकास कार्यों के लिए दो लाख रुपये की वित्तीय सहायता का चेक भी सौंपा।

युवा अधिवक्ताओं को ईमानदारी और मेहनत से काम करने की सलाह

अमित राणा ने बुधवार को कहा कि हिसार बार के अधिवक्ताओं के साथ उनके हमेशा से आत्मीय संबंध रहे हैं। उन्होंने युवा अधिवक्ताओं से पेशे में ईमानदारी, निष्ठा और मेहनत के साथ काम करने का आह्वान किया। साथ ही, वरिष्ठ अधिवक्ताओं से निरंतर सीखने, उनके अनुभव का लाभ उठाने और उनका सम्मान बनाए रखने की सलाह दी।

उन्होंने हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) और सहायक जिला अटॉर्नी (एडीए) के पदों पर चयनित अधिवक्ताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों में सफलता की कामना की।

अमित राणा ने जिला बार एसोसिएशन के विकास कार्यों में सहयोग के उद्देश्य से दो लाख रुपये का चेक प्रधान प्रदीप सिंह बाजिया को सौंपा। बार पदाधिकारियों ने इस सहयोग के लिए उनका आभार जताया।

आर्थिक सहयोग से विकास कार्यों को मिलेगी गति: प्रदीप सिंह बाजिया

बार एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप सिंह बाजिया ने चेयरमैन अमित राणा का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह आर्थिक सहायता हिसार बार के विकास कार्यों को गति देने में सहायक होगी। उन्होंने अमित राणा को उनके वर्तमान कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे अधिवक्ताओं के कल्याण तथा उनके हितों के लिए इसी तरह सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।

एचसीएस और एडीए में चयनित अधिवक्ताओं को किया सम्मानित

समारोह के दौरान हरियाणा सिविल सेवा में चयनित हिसार बार के सदस्य कुलदीप और छवि सरदाना को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा सहायक जिला अटॉर्नी के पद पर चयनित अधिवक्ता राजीव तुरकिया को भी सम्मान प्रदान किया गया।

जिला न्यायालय परिसर और उसके आसपास के क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण तथा हरित क्षेत्र की देखरेख में विशेष योगदान देने वाले अधिवक्ता अशोक कुमार बिश्नोई को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं ने उपलब्धियां हासिल करने वाले साथियों को शुभकामनाएं दीं।

Next Story