गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को करियर की दिशा दी

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के मार्गदर्शन में गुजविप्रौवि कोडर्स क्लब की ओर से प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए कोडदिशा कोडिंग गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आईटी क्षेत्र में तकनीकी करियर के विभिन्न रास्तों और नए अवसरों से परिचित कराना था। कार्यक्रम में विभिन्न पाठ्यक्रमों और विभागों के करीब 250 प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने गुरुवार को कार्यक्रम के आयोजन पर कोडर्स क्लब को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आईटी क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए प्रोग्रामिंग और तकनीक के क्षेत्र में सही दिशा का चयन महत्वपूर्ण है। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने तकनीकी शिक्षा में साथियों से सीखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान और अनुभव साझा करने, मिलकर काम करने तथा निरंतर सीखने के लिए विद्यार्थी संचालित मंचों का उपयोग करने का आह्वान किया।
सुबह के सत्र की अध्यक्षता ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. प्रताप सिंह मलिक और दोपहर के सत्र की अध्यक्षता सहायक निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह ने की। वक्ताओं आंचल कंसारा, नितिन, नंदिनी और लक्ष्य पाठक ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, वेब डेवलपमेंट, एआई इंजीनियरिंग तथा डेटा स्ट्रक्चर्स एवं एल्गोरिदम के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी। डॉ. प्रताप सिंह मलिक ने एप्टीट्यूड विकसित करने और प्लेसमेंट की तैयारी में कोडिंग के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. आदित्य वीर सिंह ने नई तकनीकों और कोडर्स क्लब की गतिविधियों की जानकारी दी।
आंचल कंसारा ने एआई एवं मशीन लर्निंग में डेटा, डेटासेट, विजुअलाइजेशन और गणितीय आधारों की भूमिका बताई। नितिन ने फ्रंट-एंड और बैक-एंड वेब डेवलपमेंट की जानकारी दी। नंदिनी ने वेबसाइट की कार्यप्रणाली और पासवर्ड सुरक्षा पर चर्चा की। लक्ष्य पाठक ने एआई इंजीनियरिंग, डेटा स्ट्रक्चर्स एवं एल्गोरिदम के साथ पायथन, फास्टएपीआई, लांगचैन और लांगग्राफ जैसी तकनीकों से परिचित कराया।
कार्यक्रम का समन्वय कोडर्स क्लब के समन्वयकों निखिल, हंसिका और वधाई तथा मेंटर प्रत्यक्ष ने कोर टीम के सहयोग से किया। राहुल और वधाई ने दोनों सत्रों का संचालन किया। आयोजन में विद्यार्थी स्वयंसेवकों और कोर टीम के सदस्यों हर्ष जांगड़ा, हर्ष जांगिड़, सोनू, शुभम, महक, उमा, शाइन, नवीन, नवनीत, हर्ष, साहिल, राहुल, प्रिंस और रविंदर ने सहयोग किया।





