हरियाणा

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की तैयारी, आरती सिंह राव ने दिया भरोसा

Admindelhi1
22 Oct 2026 4:41 PM IST
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की तैयारी, आरती सिंह राव ने दिया भरोसा
x
हरियाणा में स्वास्थ्य सुविधाओं का बुनियादी ढांचा होगा मजबूत

चंडीगढ़: हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि प्रदेश सरकार ने राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लगभग 423.48 लाख रुपये की लागत से विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के नए भवनों और बुनियादी ढांचे के निर्माण कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस पहल का उद्देश्य उन उप-स्वास्थ्य केंद्रों को मानक और आधुनिक भवन उपलब्ध कराना है जो वर्तमान में बिना भवन के चल रहे हैं या पंचायत भवनों एवं अन्य परिसरों में संचालित हो रहे हैं।

आरती सिंह राव ने बताया कि इस योजना के तहत भिवानी जिले के गांव राजगढ़ और कलिंगा-द्वितीय, पलवल जिले के गांव मंगोरका और गदपुरी, तथा जींद जिले के गांव देवराड़ व ढरोली में स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों के निर्माण के साथ-साथ सिरसा जिले की रानिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीपीएचयू के लिए लैंडफिलिंग और इंटरलॉक पेवमेंट ब्लॉक लगाने के कार्य शामिल हैं। इन सभी उप-स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक मानव संसाधन पहले से ही उपलब्ध हैं और ये पूरी तरह से कार्यरत हैं, जिन्हें अब वास्तुकला विभाग द्वारा भारतीय जन स्वास्थ्य मानकों 2022 के अनुरूप तैयार किए गए 187.60 वर्ग मीटर के मानक डिजाइनों के आधार पर पक्के और आधुनिक भवन मुहैया कराए जाएंगे।

इनके अलावा, नूह जिला के गांव साकरस में एक नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की भी राज्य सरकार द्वारा स्वीकृति दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान नए स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है और इसके तहत बजट में पर्याप्त प्रावधान भी किए गए हैं। इन सभी निर्माण कार्यों के पूरा होने से ग्रामीण अंचल के मरीजों को उनके घर के द्वार के पास ही उच्च स्तर की चिकित्सा सुविधाएं और स्वास्थ्य सेवाएं सहज रूप से उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे राज्य के स्वास्थ्य ढांचे में ऐतिहासिक सुधार आएगा।

Next Story