प्रदीप सांगवान बोले, लोकतंत्र बचाना और भीड़ तंत्र हटाना जरूरी

सोनीपत: बरोदा हलके के पूर्व भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सांगवान ने गुरुवार को गोहाना स्थित अपने कार्यालय में कहा कि चुनाव आयोग ने एसआईआर प्रक्रिया के तहत फर्जी वोटों को हटाया है और पात्र व्यक्तियों के नए मतदाता पहचान पत्र बनवाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस प्रक्रिया को वोट चोरी बताकर धरने-प्रदर्शन करवा रहे हैं।
सांगवान ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवैधानिक प्रावधानों और नियमों के अनुसार ही निर्णय लिए जाने चाहिए। यदि फैसले संविधान और कानून के बजाय भीड़ के दबाव में होने लगें, तो इससे लोकतंत्र का मूल स्वरूप प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कहा कि भीड़तंत्र की प्रवृत्ति का डटकर विरोध किया जाना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर हुआ है और जागरूक जनता उसके बहकावे में आने वाली नहीं है। सांगवान के अनुसार, केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की नायब सिंह सैनी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार अपने संकल्प पत्र में किए गए 217 वादों में से 76 पूरे कर चुकी है, जबकि शेष वादों को पूरा करने के लिए काम जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से हर वर्ग को लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर डॉ. राममेहर राठी, शीतल एडवोकेट, सरपंच टेकराम नरवाल, एडवोकेट सुरेंद्र पन्नू, रीनू मलिक, मन्नू मलिक, सतबीर गहलावत और मनीष नरवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





