
x
घायल की हालत गंभीर
फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद में दीपावली के त्योहार पर भूना में एक दुखद हादसा हो गया। भूना के कुलां रोड पर कंबोज कॉलोनी में पोटाश में धमाका होने से एक किशोर बुरी तरह झुलस गया और घर की रसोई भी तहस नहस हो गई। उसको गंभीर हालत में हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पोटाश और गंधक कूटने से लगातार ऐसे बड़े हादसे सामने आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार कंबोज कॉलोनी के रहने वाले सुलतान सिंह का 15 वर्षीय बेटा पुनीत दीपावली पर पटाखा फोड़ने के लिए पोटाश और गंधक का बारूद पाउडर घर ले आया। देर रात रसोई में बैठकर उसे बोतल में भरने का प्रयास कर रहा था। उसने गर्म पेचकस लेकर रसोई में बोतल में सुराख करना चाहा तो अचानक ज़ोरदार धमाका हो गया। जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। उसका ज्यादातर चेहरा जल गया है। ब्लास्ट के बाद घर की रसोई तहस नहस हो गई और घर के चारों दरारें आ गई। उसे तुरंत हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को अभी तक इस मामले की सूचना नहीं दी गई है।
क्या होती है पोटाश
पोटाश और गंधक केमिकल होते हैं, जिन्हें मिक्स करके विस्फोटक पदार्थ तैयार किया जाता है। बाद में इन्हें लोहे की रॉड आदि से बनाए गए जुगाड़ में भरकर बजाया जाता है। इसका धमाका काफी तेज होता है। अकसर किसान अपने खेतों में आवारा पशु भगाने के लिए इसका प्रयोग करते हैं, लेकिन पिछले काफी वर्षों से लोग दीपावली पर इसे प्रयोग करते आ रहे हैं। पोटाश और गंधक मसाला मार्केट में खुले तौर पर बिक रहा है, जो नहीं बिकना चाहिए। बहुत बार इससे हादसे हुए हैं। हाल ही में रेवाड़ी जिले में दो लगातार हादसे हुए हैं, जिनमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में भर्ती है।
Next Story