हरियाणा में सियासी घमासान तेज, कांग्रेस ने भाजपा पर मतदाताओं के नाम कटवाने का लगाया आरोप

हरियाणा के हांसी में कांग्रेस ने मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर अपनी राजनीतिक मुहिम तेज कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को गांव उमरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं हांसी जिला प्रभारी बजरंग गर्ग ने भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत कर देश और प्रदेश में मतदाताओं के वोटों की चोरी की है। उनके मुताबिक, सही मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाए गए और चुनाव में धांधली करके सरकार बनाई गई।
कांग्रेस की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान के तहत हुआ। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा, नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में बजरंग गर्ग ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता के हाथ में होती है और उसका सबसे बड़ा माध्यम वोट है। प्रत्येक नागरिक का एक-एक वोट देश और प्रदेश के भविष्य को निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में मताधिकार की रक्षा करना केवल राजनीतिक दलों की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना और उसका सही होना बेहद जरूरी है। अभियान के माध्यम से कांग्रेस यह सुनिश्चित करने की मांग उठा रही है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल हो। साथ ही चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
बजरंग गर्ग ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता के फैसले का सम्मान होना चाहिए। यदि किसी मतदाता का नाम सूची से गायब है या उसके विवरण में कोई गलती है तो उसे समय रहते नियमानुसार ठीक करवाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल अपनी मतदाता सूची की जांच तक सीमित न रहें, बल्कि परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और आसपास के अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती आई है। आज लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। युवाओं से लेकर किसानों, मजदूरों और व्यापारियों तक प्रत्येक वर्ग को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पर जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए निष्पक्षता और पारदर्शिता जरूरी है। मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी की स्थिति में संबंधित व्यक्ति को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शिकायत और सुधार का रास्ता अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अभियान को आगे बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। इस दौरान राहुल मक्कड़, तेलूराम जांगड़ा, सुमन शर्मा, पवन गोयल, किरण मलिक, मनोज राठी, जिला पार्षद मोहित मलिक, राजेश कासनिया, योगेंद्र योगी, मोहित सीहाल, युवा अध्यक्ष सोबिन भाटला, युवा ब्लॉक अध्यक्ष अजय बेरवाल, सतपाल मलिक, संदीप कुशवाहा, सत्यवान मलिक, गौरव सैनी, अशोक मलिक, अमित जुल्हा, पूर्व पार्षद सुभाष चावला, राजेंद्र बंसल, कमलेश रंगा, कृष्ण सोरखी, डॉ. सतीश मंगल पुट्ठी और चिनु बत्रा सहित अनेक नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





