हरियाणा

नूंह में साइबर अपराधियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह गिरफ्तार

Admindelhi1
30 Sept 2026 8:56 AM IST
नूंह में साइबर अपराधियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह गिरफ्तार
x
साइबर अपराध के खिलाफ नूंह पुलिस की कार्रवाई, छह आरोपित गिरफ्तार

नूंह: नूंह पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 24 घंटों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी, वाहन चोरी और पुराने मामलों में फरार चल रहे उद्घोषित अपराधियों सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस ने समाजसेवी बनकर लोगों को फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजकर साइबर ठगी करने के आरोपी शाद उर्फ साद निवासी महूं को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक लोगों को फर्जी संदेश भेजकर ठगी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। इसी क्रम में साइबर अपराध से जुड़े दो अन्य मामलों में पुलिस ने म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने वाले आरोपी आशाब तथा साइबर ठगों को फर्जी सिम कार्ड मुहैया कराने वाले आरोपी अखलाक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी लंबे समय से साइबर ठगों के नेटवर्क से जुड़े हुए थे।

वहीं, वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एवीटी स्टाफ रोजकामेव की टीम ने चेकिंग के दौरान नगीना क्षेत्र के मोहलाका निवासी नफीस को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिल दिल्ली नंबर की है। पुलिस ने पुराने मामलों में फरार चल रहे दो उद्घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।

इनमें बूबालहेड़ी निवासी इमरान खान वर्ष 2014 के एक मामले में पिछले करीब 12 वर्षों से फरार चल रहा था। अदालत द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। इसके अलावा राजस्थान के डीग जिले के घाटमिका निवासी कासम को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी नूंह सदर थाना क्षेत्र से जुड़े एक पुराने मामले में वांछित चल रहा था।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के दिशा-निर्देश पर जिले में अपराधियों की धरपकड़ और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ लगातार तलाशी एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिले में पुलिस की अलग-अलग टीमें प्रतिदिन कार्रवाई कर रही हैं। इसी का परिणाम है कि वाहन चोरी, साइबर अपराध तथा पुराने मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है।

Next Story