अपराधियों से मुठभेड़ में दिखाई हिम्मत, पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान

हिसार: हरियाणा के हिसार में गंभीर अपराधों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले छह पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने सोमवार को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्मानित पुलिसकर्मियों में सीआईए हिसार के एएसआई राममेहर, मुख्य सिपाही रविन्द्र, मुख्य सिपाही अजय और पीएसआई नवीन शामिल हैं। इन चारों ने फिरौती मांगने के मामले में आरोपी प्रदीप की गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में बहादुरी का परिचय दिया था।
इसके अलावा आजाद नगर थाना क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पीएसआई मोना और अग्रोहा थाने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुख्य सिपाही रमेश को भी प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि पुलिसकर्मियों की मेहनत, साहस और समर्पण से पुलिस विभाग की कार्यक्षमता बढ़ती है और आमजन का भरोसा मजबूत होता है।
उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों, नशा तस्करी तथा महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों में प्रभावी कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। एसपी ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निभाने के लिए प्रेरित किया।





