हरियाणा

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, परिवार ने की गिरफ्तारी की मांग

SHIDDHANT
9 Oct 2025 11:40 PM IST
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, परिवार ने की गिरफ्तारी की मांग
x
Chandigarh चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने गुरुवार को एफआईआर दर्ज की। चंडीगढ़ पुलिस की तरफ से बताया गया कि अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 108 आरडब्ल्यू 3(5) बीएनएस और 3(1)(आर) पीओए (एससी/एसटी) अधिनियम के अंतर्गत एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई चंडीगढ़ सेक्टर पुलिस ने की है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
बता दें कि हरियाणा के आईपीएस वाई पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर को चंडीगढ़ सेक्टर-11 स्थित अपने आवास पर गोली मारकर जान दे दी थी। घटना के समय उनकी पत्नी अमनीत पी कुमार घर पर मौजूद नहीं थीं। वह हरियाणा कैडर की आईएएस अधिकारी हैं और इस वक्त प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ जापान दौरे पर थीं। वह वर्तमान में विदेश सहयोग विभाग की आयुक्त एवं सचिव के पद पर तैनात हैं।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-11 में स्थित सरकारी आवास में वाई पूरण कुमार ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घर को सील कर दिया और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को जांच के लिए बुलाया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अधिकारी ने अपने लाइसेंसी हथियार से खुद को गोली मारी।
चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर के अनुसार, सेक्टर-11 पुलिस स्टेशन को दोपहर करीब 1:30 बजे एक आत्महत्या की खबर मिली थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार का शव उनके घर पर मिला। वाई पूरन कुमार हरियाणा कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी थे और इस समय पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में तैनात थे। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने राज्य पुलिस में कई अहम पदों पर जिम्मेदारी निभाई थी।
Next Story