हरियाणा

विवाहिता की मौत के मामले में पति पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Admindelhi1
23 Oct 2026 4:37 PM IST
विवाहिता की मौत के मामले में पति पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
x
महिला की मौत के मामले में यमुनानगर पुलिस ने पति पर दर्ज किया केस

यमुनानगर: यमुनानगर के जगाधरी में 30 वर्षीय विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज किया है। मृतका की पहचान गाँव हुंडेवाला निवासी शिल्पा के रूप में हुई है। उसके पिता ने बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए आशंका जताई है कि उसकी जान गई नहीं, बल्कि उसे मारा गया है। पुलिस ने शुक्रवार काे शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

मृतका के पिता अशोक के मुताबिक, शादी के बाद शिल्पा अपनी मां और छोटी बहन से फोन पर संपर्क रखती थी। बातचीत के दौरान वह ससुराल में परेशान किए जाने और मारपीट होने की शिकायत करती थी। पिता का कहना है कि उन्होंने पंकज को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। परिजनों के अनुसार, शिल्पा आमतौर पर नियमित रूप से मायके में फोन करती थी। हालांकि, शनिवार और रविवार को उससे संपर्क नहीं हो पाया। परिवार ने उसके मोबाइल नंबर पर कई बार फोन किया, लेकिन नंबर बंद मिला। इसके बाद अशोक बेटी के पति के बारे में जानकारी लेने उस दुकान पर पहुंचे, जहां पंकज काम करता था। वहां दुकान संचालक ने उन्हें बताया कि पंकज की पत्नी की मौत हो चुकी है।

अशोक जब ससुराल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि शिल्पा ने आत्महत्या कर ली है। उनका आरोप है कि बेटी की मौत और अंतिम संस्कार के बारे में उन्हें समय रहते सूचना नहीं दी गई। इससे उन्हें घटना को लेकर संदेह हुआ। जगाधरी सिटी थाना प्रभारी महेश के अनुसार, शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पंकज के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि विवाहिता की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Next Story