हरियाणा

पलवल में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, पैर में गोली लगने से आरोपी घायल

Admindelhi1
21 Nov 2026 2:57 PM IST
पलवल में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, पैर में गोली लगने से आरोपी घायल
x
हसनपुर रोड पर मुठभेड़, डायल-112 पुलिसकर्मी को टक्कर मारने का भी आरोप

पलवल: हरियाणा के पलवल जिले में हसनपुर मार्ग पर पिंगौड़ नाले के पास शुक्रवार को पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दिघोट गांव निवासी आरोपी देवा के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से देसी कट्टा और दो खाली खोल बरामद किए हैं।

डीएसपी मुख्यालय नरेंद्र खटाना के अनुसार, आरोपी की चार दिन पहले हुई लूट की तीन वारदातों और डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मी को वाहन से टक्कर मारने के मामले में तलाश थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि पिंगौड़ के पास नाले की पटरी पर बने एक कोठड़े में हथियारबंद युवक छिपा हुआ है और किसी वारदात की फिराक में है।

सूचना के आधार पर सीआईए पलवल और सीआईए होडल की टीमों ने मौके पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, टीम ने युवक को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने चेतावनी देने के लिए हवाई फायर किया, इसके बावजूद आरोपी ने दोबारा फायरिंग की।

इसके बाद दूसरी टीम ने घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने दूसरी दिशा में भी हथियार तान दिया, जिसके बाद आत्मरक्षा में इंस्पेक्टर ने सरकारी पिस्टल से उसके पैरों की ओर गोली चलाई। गोली लगने से आरोपी घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से देसी कट्टा और चैंबर में एक जिंदा कारतूस मिला। घटनास्थल से दो खाली खोल भी बरामद किए गए। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर फायरिंग और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Next Story