रेवाड़ी में मॉडिफाइड बुलेट पर पुलिस का शिकंजा, 25 हजार जुर्माना

रेवाड़ी: शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में ट्रैफिक पुलिस ने बिना नंबर प्लेट दौड़ रही 15 साल पुरानी बुलेट को इंपाउंड किया है। बाइक पर पटाखे फोड़ने का भी आरोप है। पुलिस ने वाहन पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
रेवाड़ी के एसपी हेमेंद्र मीणा ने शनिवार को बताया कि सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगाना अनिवार्य है। बिना नंबर प्लेट, अधूरी या अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले तथा नंबरों से छेड़छाड़ किए गए वाहनों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी। एसपी ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि 10 वर्ष पुराने डीजल और 15 वर्ष पुराने पेट्रोल वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध है। उन्होंने वाहन मालिकों से अपने वाहनों पर एचएसआरपी लगवाने की अपील की। ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
दो दिन पहले भी ट्रैफिक पुलिस ने पुरानी बाइकों को काटकर और गैरकानूनी तरीके से मॉडिफाई करके बनाए गए आठ बाइक ठेलों को पकड़ा था। जांच के दौरान इन वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं मिली और चालकों के पास वैध दस्तावेज भी नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए सभी आठ वाहनों को इंपाउंड कर लिया। पुलिस का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की गई है।





