कैथल में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 100 जवानों ने मारा छापा

कैथल: हरियाणा में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैथल पुलिस ने गुरुवार सुबह राजौंद क्षेत्र के मंडवाल गांव में विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। इस दौरान करीब 100 पुलिस कर्मचारियों की 10 टीमों ने संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों पर गहन तलाशी ली। पुलिस ने अभियान में स्निफर डॉग की भी मदद ली।
डीएसपी रोहताश के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में थाना राजौंद के एसएचओ एसआई हरपाल और सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष की टीमें भी शामिल रहीं।
पुलिस टीमों ने मंडवाल गांव में संदिग्ध नशा तस्करों से जुड़े करीब 12 घरों सहित अन्य स्थानों की जांच की। तलाशी के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया गया कि कहीं मादक पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखे गए हैं या कोई व्यक्ति गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल तो नहीं है। हालांकि, अभियान के दौरान किसी गिरफ्तारी या मादक पदार्थ की बरामदगी की जानकारी नहीं दी गई है।
डीएसपी रोहताश ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य नशा तस्करों और अपराधियों पर शिकंजा कसना तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि कैथल पुलिस पूरे जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें नशा बेचने वाले व्यक्तियों या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का कॉम्बिंग अभियान और जनजागरूकता मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी।





