हरियाणा

मेडिकल स्टोर संचालक से धोखाधड़ी, पुलिस ने चार को पकड़ा

Admindelhi1
2 Nov 2026 11:03 AM IST
मेडिकल स्टोर संचालक से धोखाधड़ी, पुलिस ने चार को पकड़ा
x
निवेश के बहाने ठगी का खेल, चार आरोपित पुलिस की गिरफ्त में

फरीदाबाद: शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का लालच एक मेडिकल स्टोर संचालक से 15 लाख 71 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पंजाब निवासी प्रकाश, अनिरबान, असलम राणा उर्फ आशुतोष राणा तथा सन्नी सिंह के रुप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सैनिक कॉलोनी निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने यूट्यूब पर शेयर मार्केट ट्रेडिंग से संबंधित एक वीडियो देखा था। इसके बाद आरोपितों ने व्हाट्सएप के माध्यम से उनसे संपर्क किया और ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाकर निवेश करने के लिए कहा। शुरुआत में शिकायतकर्ता ने 10 हजार रुपये निवेश किए, जिसके बदले उन्हें 12 हजार 168 रुपये वापस मिले। इससे उन्हें आरोपितों पर विश्वास हो गया। इसके बाद आरोपितों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग किस्तों में उनसे कुल 15 लाख 71 हजार रुपये निवेश करवा लिए।

आरोपितों ने उनके ट्रेडिंग अकाउंट में करीब 19 लाख रुपये का मुनाफा दिखाया। जब शिकायतकर्ता ने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपित टालमटोल करने लगे और उन्हें कोई पैसा वापस नहीं दिया। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित प्रकाश, अनिरबान और असलम उर्फ आशुतोष जीरकपुर की एक सोसायटी में रहते थे। आरोपित प्रकाश और अनिरबान ने अपना करंट बैंक खाता खुलवाकर असलम को दिया था। असलम ने उक्त बैंक खाते टेलीग्राम के माध्यम से सन्नी सिंह को भेजे थे। जिस खाते में साइबर ठगी की तीन लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। पुलिस ने चारों आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Next Story