पुलिस ने सरसों से भरा ट्रक लूटने के मामले में एक आऱोपी को किया गिरफ्तार

हरयाणा क्राइम न्यूज़: जिले की आदमपुर थाना पुलिस ने महलसरा नहर पुल के पास सरसों से भरा ट्रक लूटने के मामले में पंजाब के बरनाला जिले के संधुपति निवासी हैप्पी सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटा गया ट्रक बरामद करके आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि इस संबंध में आदमपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काजला निवासी नरेंद्र लड़ाई झगड़े में लगी चोटों के कारण अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल है। इस पर पुलिस टीम अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंची जहां नरेंद्र कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि 25 मार्च की रात को वह ट्रक में सरसों भरकर अनाज मंडी हिसार से मंडी आदमपुर के लिए चला था। महलसरा पुल के पास एक अनजान लड़का चलती गाड़ी में घुसकर कहने लगा कि वह पीछे एक व्यक्ति को मार कर आया है और ऐसा कहते हुए उसने लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। इसी बीच एक ओर लड़का गाड़ी में घुस गया और मेरे सिर में कुल्हाड़ी से वार किया। दोनों ने मिलकर उसे धक्का देकर ट्रक से नीचे गिरा दिया और ट्रक छीनकर भाग गए।
पुलिस टीम ने केस दर्ज करके एक आऱोपी हैप्पी सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आऱोपी से लूटा गया ट्रक सरसों सहित बरामद कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई कुल्हाड़ी भी बरामद की है। आऱोपी से पूछताछ की जा रही है। उसे अदालत में पेश किया गया जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।





