हरियाणा

पर्व-त्योहारों पर शांति बनाए रखने के लिए पुलिस अलर्ट

Admindelhi1
13 Oct 2026 4:56 PM IST
पर्व-त्योहारों पर शांति बनाए रखने के लिए पुलिस अलर्ट
x
त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का विशेष जोर

यमुनानगर: यमुनानगर में प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर यमुनानगर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर जिला पुलिस ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी कर पुलिसकर्मियों को सतर्कता बढ़ाने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बताया कि दीपावली से भैया दूज तक बाजारों और धार्मिक स्थलों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। इस दौरान खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजारों में पहुंचते हैं, जबकि धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। इसे देखते हुए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, जिले के प्रमुख कस्बों, प्रवेश मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर नाके तथा चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं। अंतरराज्यीय और अंतरजिला नाकों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य नशीले पदार्थों, अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।

धार्मिक स्थलों, मेलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में निगरानी बढ़ाई जाएगी। इसके लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और महिला पुलिस की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Next Story