हरियाणा

पाइपलाइन चोरी मामले में पुलिस की कार्रवाई, आरोपी पकड़े गए

Admindelhi1
20 Oct 2026 5:13 PM IST
पाइपलाइन चोरी मामले में पुलिस की कार्रवाई, आरोपी पकड़े गए
x
सरकारी संपत्ति की चोरी का मामला सुलझा, 110 पाइप बरामद

कैथल: गांव रसूलपुर में पेयजल पाइपलाइन चोरी के मामले में कैथल पुलिस की एंटी नारकोटिक सैल ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा 110 पाइप बरामद किए गए हैं। इससे पहले पुलिस एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 पाइप और वारदात में इस्तेमाल कैंटर बरामद कर चुकी थी। पुलिस के अनुसार मामले में करीब 7.50 लाख रुपये कीमत के सभी चोरीशुदा पाइप बरामद कर लिए गए हैं।

एएसआई जसमेर सिंह के अनुसार गांव बरटा निवासी ठेकेदार कुलदीप सिंह पिछले करीब 15 वर्षों से जनस्वास्थ्य विभाग में ठेकेदार के तौर पर काम कर रहे हैं। विभाग की ओर से उन्हें गांव रसूलपुर में करीब सात किलोमीटर लंबी पेयजल पाइपलाइन बिछाने का टेंडर दिया गया था। इसके लिए उन्होंने गांव में पाइप भिजवाए थे।

शिकायत के अनुसार पांच मई को निजामुद्दीन नाम के व्यक्ति ने ठेकेदार से फोन पर मजदूर उपलब्ध करवाने की बात कही थी। इसके बाद उसने अपने तीन मजदूर गांव रसूलपुर भेजे और पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू करवाया। आरोप है कि तीन दिन काम करने के बाद 15 मई की रात निजामुद्दीन और उसके साथियों ने योजनाबद्ध तरीके से पाइप ट्रक में लोड कर चोरी कर लिए।

अगले दिन गांव के लोगों से घटना की जानकारी मिलने पर ठेकेदार ने आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनके मोबाइल फोन बंद मिले। इसके बाद थाना सीवन में मामला दर्ज करवाया गया। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर मामले की जांच एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई जसमेर सिंह की टीम ने की। जांच के दौरान पुलिस ने गांव बौराका, जिला पलवल निवासी तालीम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 110 पाइप बरामद किए। पुलिस पहले ही एक अन्य आरोपी से 10 पाइप और वारदात में इस्तेमाल कैंटर बरामद कर चुकी थी। पुलिस के मुताबिक अब मामले में चोरीशुदा पाइपों की शत-प्रतिशत बरामदगी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Next Story