वेतन और दिवाली एडवांस लंबित, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने खोला मोर्चा

हिसार: हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन ने वेतन और दिवाली एडवांस का भुगतान नहीं होने पर शुक्रवार को आंदोलन शुरू कर दिया। यूनियन के बैनर तले सिरसा रोड स्थित टीटीसी के सामने चीफ सुपरिटेंडेंट जीएलएफ कार्यालय में धरना दिया गया।
जिला प्रधान छबीलदास मौलिया और जिला सचिव जगसीर खेदड़ ने बताया कि उपनिदेशक, राज्य पशु प्रजनन परियोजना, हिसार के अधीन कार्यरत कर्मचारियों को अक्टूबर 2026 से वेतन नहीं मिला है। दिवाली एडवांस का भुगतान भी लंबित है। यूनियन ने सात सूत्रीय मांगपत्र तैयार कर बकाया राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग उठाई।
कर्मचारियों ने दूध वितरण में समानता लागू करने की मांग भी की। उनके अनुसार अधिकारियों को चार लीटर, तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को तीन लीटर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को दो लीटर दूध दिया जा रहा है।
इसके अलावा भेड़ प्रजनन फार्म हिसार के कर्मचारियों का लंबित दिवाली एडवांस जारी करने और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की गई।
धरने के दौरान कार्यालय की ओर से एक दिसंबर को दोपहर तीन बजे बातचीत के लिए लिखित सूचना दी गई। इसके बाद यूनियन ने फिलहाल धरना स्थगित कर दिया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि बातचीत में मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।





