हरियाणा

इंतकाल दर्ज करने के एवज में मांगी रिश्वत, पटवारी गिरफ्तार

Admindelhi1
12 Nov 2026 4:34 PM IST
इंतकाल दर्ज करने के एवज में मांगी रिश्वत, पटवारी गिरफ्तार
x
भ्रष्टाचार पर शिकंजा, रिश्वत लेते पटवारी और सहायक दबोचे

सोनीपत: सोनीपत में इंतकाल दर्ज करने और उसकी प्रति देने के बदले सात हजार रुपये रिश्वत लेने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को पटवारी और उसके निजी सहायक को गिरफ्तार किया है। निजी सहायक को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया, जबकि पूछताछ और मामले में संलिप्तता के आधार पर पटवारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को बताया था कि कबीरपुर क्षेत्र में तैनात हलका पटवारी सुरेश कुमार और उसका निजी सहायक साहिल उसके नाम इंतकाल दर्ज करने और उसकी प्रति उपलब्ध करवाने के बदले सात हजार रुपये मांग रहे हैं। शिकायत मिलने पर एसीबी ने आरोपियों को पकड़ने के लिए योजना बनाई और जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान निजी सहायक साहिल को शिकायतकर्ता से सात हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इसके बाद मामले में पूछताछ और जांच के आधार पर पटवारी सुरेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों को 11 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई एसीबी यूनिट भिवानी की टीम ने इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के नेतृत्व में की। जाल बिछाने के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, भिवानी के कार्यकारी अभियंता निखिल राठी मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की गई।

एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रोहतक स्थित थाना एसीबी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे जांच की जा रही है। एसीबी ने आमजन से अपील की है कि कोई सरकारी कर्मचारी या उससे जुड़ा व्यक्ति सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगे तो इसकी शिकायत सतर्क हरियाणा ऐप के माध्यम से भी की जा सकती है।

Next Story