
पानीपत: पानीपत के गांव सिवाह के पास रविवार की रात को सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब सड़क किनारे खड़े एक युवक को तेज गति से आती कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
पुलिस ने तुरंत घायल युवक को सिविल अस्पताल इलाज के लिए पहुंचाया लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं पाए। पुलिस को दी शिकायत में कृष्णा गार्डन निवासी विनय कुमार ने बताया कि वह अपने साथी रमन के साथ बाइक पर समालखा से पानीपत लौट रहा था। इसी दौरान रोहतक बाइपास के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े युवक सुनील को टक्कर मार दी। हादसे में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल पानीपत ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और हादसे में शामिल कार चालक की तलाश जारी है।





