Panipat: पानीपत में छात्र की हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

पानीपत: पानीपत में कार हादसे में हुई छात्र अमन की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक अमन के पिता ने एसपी को दी शिकायत में दावा किया कि उनके बेटे की हत्या हुई है। बेटे की मौत के बाद उसके दोस्तों से जश्न मनाया। पुलिस को दी मोबाइल फोन की चैट में हत्या का खुलासा हुआ है। पिता का दावा है कि चैट में लिखा गया है कि अमन का परिवार अभी भी उसकी मौत को हादसा ही मान रहा है। अब पुलिस ने शिकायत के आधार पर पुनः छानबीन शुरू कर दी है।
पानीपत के गांव शहरमालपुर निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 19 वर्षीय बेटा अमन कुमार पाइट कॉलेज में फर्स्ट ईयर का छात्र था। एक नवंबर की सुबह अमन अपनी कार में सवार होकर अपने दो दोस्तों (गढ़ी छाज्जू निवासी) के साथ पाइट कॉलेज जा रहा था। हरे कृष्णा स्कूल के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें अमन की मौत हो गई थी।
मृतक अमन के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे अमन की दोस्ती की आड़ में हत्या की गई । उन्होंने दावा किया कि अमन के दोनों दोस्तों ने उसके साथ पहले मारपीट की गई तत्पश्चात गाड़ी का हैंडब्रेक खींच दिया, जिससे दुर्घटना हुई। राजकुमार का कहना है कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत हत्या थी, जिसे दुर्घटना का रूप देने के लिए बड़ी चालाकी से गाड़ी को पेड़ से टकराया गया।
राजकुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि दुर्घटना के बाद अमन के दोस्तों ने न तो पुलिस को फोन किया और न ही एम्बुलेंस को बुलाया। कार में सवार होने के बावजूद उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। इतना ही नहीं, दोनों दोस्त उसी दिन से लापता हैं और न तो अमन के अंतिम संस्कार में शामिल हुए और न ही उनके घर आए। वे उसी दिन से कॉलेज से भी गैरहाजिर चल रहे हैं। चूंकि घटना के समय वे अमन के साथ थे, पुलिस ने उनके बयान पर ही दुर्घटना का मामला दर्ज किया था।





