हरियाणा

Panipat: भीषण गर्मी से हर्बल पार्क और जंगल में आग

Admindelhi1
29 April 2026 11:35 AM IST
Panipat: भीषण गर्मी से हर्बल पार्क और जंगल में आग
x

पानीपत: पानीपत के गांव गवालडा में मंगलवार दोपहर वन विभाग की करीब 80 एकड़ जमीन में आग लग गई। इसमें 65 एकड़ जंगल और 15 एकड़ में फैला हर्बल पार्क शामिल था। अग्निशमन दल की चार गाड़ियों की मदद से कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। आग लगने का कारण तेज गर्मी व धूप बताया जा रहा है। आग तेज हवाओं के कारण तेजी से फैल गई और जब तक उस पर पूरी तरह काबू पाया गया, तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

हर्बल पार्क में लगे विभिन्न प्रकार के औषधीय पौधे आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल चुके थे। जानकारी के अनुसार, कुछ साल पहले ग्राम पंचायत ने कोर्ट केस के माध्यम से गांव की 800 एकड़ जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया था। बाद में यह जमीन सरकार द्वारा फॉरेस्ट विभाग को सौंप दी गई। विभाग ने इस जमीन के 25 एकड़ हिस्से में हर्बल पार्क विकसित किया था, जबकि 65 एकड़ में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अत्यधिक गर्मी के कारण पौधों के पत्ते सूख चुके थे। आशंका है कि खेतों से लगी आग जंगल में फैल गई और विकराल रूप ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव गवालडा के सरपंच दीपक शर्मा ने तुरंत फॉरेस्ट विभाग और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक 65 एकड़ जंगल और लगभग 15 एकड़ हर्बल पार्क जलकर खाक हो चुका था।

Next Story