हरियाणा

Panipat: इंडियन ऑयल डिपो में डीजल चोरी का खुलासा, पांच नामजद

Admindelhi1
15 July 2026 2:47 PM IST
Panipat: इंडियन ऑयल डिपो में डीजल चोरी का खुलासा, पांच नामजद
x
इंडियन ऑयल में ईंधन चोरी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पानीपत: पानीपत रिफाइनरी में मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स में हाई-स्पीड डीजल चोरी करने और आईओसीएल के ऑटोमेशन सिस्टम के साथ छेड़छाड़ करने का एक मामला उजागर हुआ है। शातिर आरोपियों ने मिलीभगत कर तेल टैंकर में तय मात्रा से अधिक डीजल की ओवरफिलिंग कर तेल चोरी को अंजाम दिया।

आईओसीएल प्रबंधन की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी और तकनीकी छेड़छाड़ के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के महाप्रबंधक एस. श्रीनिवास ने बताया कि तेल कॉम्प्लेक्स के टैंक लॉरी फिलिंग एरिया में जांच के दौरान कुछ व्यक्तियों को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया था। आरोपी टैंक ट्रक में अवैध रूप से और निर्धारित मात्रा से कहीं अधिक हाई-स्पीड डीजल की ओवरफिलिंग कर रहे थे।

आईओसीएल की प्रारंभिक आंतरिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने पेट्रोलियम उत्पाद की चोरी करने की बदनियत से आईओसीएल के ऑटोमेशन सिस्टम के साथ जानबूझकर हेरफेर और छेड़छाड़ की थी, ताकि सिस्टम में चोरी पकड़ी न जा सके। मामले की गंभीरता और ऑटोमेशन सिस्टम में अनधिकृत हस्तक्षेप को देखते हुए आईओसीएल प्रबंधन ने प्राथमिक जांच के बाद मंगलवार को जिम्मेदार पाए गए पांच व्यक्तियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। नामजद आरोपी कर्मचारियों में जय कुमार (कॉन्ट्रैक्ट वर्कमैन) निवासी मतलौडा, जसपाल सिंह (कॉन्ट्रैक्ट वर्कमैन) निवासी गांव ददलाना, पंकज (कॉन्ट्रैक्ट वर्कमैन) निवासी इसराना, प्रकाश (टैंक ट्रक ड्राइवर) निवासी मुरथल, सोनीपत और विक्रम (टैंक ट्रक हेल्पर) निवासी मॉडल टाउन, पानीपत शामिल हैं। थाना सदर प्रभारी गुलशन कुमार ने बताया कि आईओसीएल अधिकारी की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Next Story