हरियाणा

Panipat: कोर्ट परिसर में खराब नेटवर्क पर मुआवजे की मांग

Admindelhi1
27 Feb 2026 9:15 PM IST
Panipat: कोर्ट परिसर में खराब नेटवर्क पर मुआवजे की मांग
x

पानीपत: पानीपत जिला न्यायालय परिसर में एयरटेल कंपनी के खराब मोबाइल नेटवर्क व धीमी इंटरनेट की स्पीड से परेशान होकर पानीपत बार सुरेंद्र कुमार दूहन ने 'स्थायी लोक अदालत में एक याचिका दायर की है। याचिकाकर्ता बार एसोसिएशन के प्रधान, एडवोकेट सुरेंद्र कुमार दूहन ने बताया कि कोर्ट परिसर में एयरटेल का नेटवर्क अत्यंत खराब रहता है। वकीलों के चैंबर, दोनों कोर्ट इमारतों और टाइपिस्ट कॉम्प्लेक्स में सिग्नल न होने के कारण कानूनी कामकाज और शोध कार्य में भारी बाधा आ रही है। डिजिटल इंडिया के दौर में जब अधिकांश कानूनी प्रक्रियाएं और केस फाइलिंग ऑनलाइन हो रही है, ऐसे में खराब नेटवर्क सेवाओं में बड़ी रुकावट पैदा हो रही है।

याचिका में भारती एयरटेल लिमिटेड के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल, एमडी एवं सीईओ शाश्वत शर्मा और स्थानीय ब्रांच मैनेजर को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिकाकर्ता का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने और सोशल मीडिया (एक्स - पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से सूचित करने के बावजूद कंपनी ने नेटवर्क सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। उन्होंने कानूनी सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987' की धारा 22-सी के तहत यह आवेदन दायर किया है। उन्होंने अदालत से मांग की है कि एयरटेल कंपनी को कोर्ट परिसर में नेटवर्क की स्थिति सुधारने और आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर लगाने के निर्देश दिए जाएं। जब तक नेटवर्क की समस्या हल नहीं होती, तब तक कंपनी को संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं से बिल वसूलने से रोका जाए तथा खराब सेवा के कारण हुई मानसिक परेशानी और कामकाज के नुकसान के लिए उचित मुआवजे का आदेश दिया जाए।

Next Story