Panipat: पानीपत में ग्रामीण परिवहन को मिली 15 नई इलेक्ट्रिक बसें

पानीपत: पानीपत में नगर बस सेवा के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी पानीपत रोडवेज ने इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी कर ली है। इसके लिए पानीपत डिपो को 15 नई इलेक्ट्रिक एसी बसे मिल गई हैं। पांच अभी और आनी हैं। फिलहाल शहर में पांच इलेक्ट्रिक एसी बसें नगर सेवा में नए रोडवेज बस स्टैंड से सेक्टर 18 स्थित टोल प्लाजा तक सड़कों पर चल रही हैं। पानीपत रोड़वेज के महाप्रबंधक विक्रम कंबोज ने शुक्रवार को बताया कि नई बसों का शुभारंभ जल्द ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी करेंगे। इसके बाद यह यात्रियों के लिए सफर आसान हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत कुल 50 इलेक्ट्रिक एसी बसें पानीपत को मिलनी हैं। फिलहाल पानीपत रोड़वेज के पास 20 बसें हैं और बाकी बसें जल्द ही डिपो में पहुंचेंगी। ये सभी बसें वातानुकूलित हैं और एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 100 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। उद्घाटन के बाद ये नगर सेवा के बाद ग्रामीण बस सेवा शुरू हो जाएगी जिसमें बापौली, इसराना, मडलौडा, समालखा, बबैल, सिवाह, दीवाना, बिंझौल, उग्राखेडी कुटानी, चंदौली, सफीदों, करनाल, बापौली, टोल प्लाजा और आसपास के क्षेत्रों तक चलेंगी। इससे हजारों लोगों को सुगम, सस्ती और प्रदूषण-मुक्त यात्रा का आनंद उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि एक ई-बस की कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपए है। बसों में यात्रियों के बैठने के लिए आरामदायक सीटें, स्वचालित एलान प्रणाली और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रत्येक स्टेशन पर यात्रियों को उतरने और चढ़ने की जानकारी ऑडियो अलर्ट से दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुराने बस स्टैंड के पास इलेक्ट्रिक बसों के लिए एक अलग से इलेक्ट्रिक बस डिपो बनाया गया है, जहां एक बार में नौ बसों की बैटरी को सिर्फ एक घंटे में चार्ज किया जा सकेगा। उन्होंने जानकारी दी कि सामान्य बस का किराया 1.35 रुपए प्रति किलोमीटर है, जबकि ई-बस का किराया 2 रुपए प्रति किलोमीटर तय किया गया है। तथा इलेक्ट्रिक बसों के चालन के लिए ड्राइवर और कंडक्टर को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।





