Panchkula: मंदिर में चोरी और थाने में मौत, पुलिस पर उठे सवाल

पंचकूला: जिले के रायपुररानी खंड में बड़ी घटना सामने आई है। बुधवार को चोरी के आरोप में पकड़ कर लाए गए युवक ने थाने के कक्ष में फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। शाम को जिस समय युवक ने फंदा लगाया तब पुलिस परिजनों से संपर्क करने में जुटी थी। इतने में युवक ने कक्ष में ही फंदा लगा लिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक अभिषेक (24) गांव हंगोला का निवासी था। अभिषेक को गांव के सरपंच एवं अन्य ग्रामीणों द्वारा मंदिर में चोरी करते हुए पकड़ा गया। अभिषेक पर पहले भी चोरी के दो अभियोग अंकित हैं ।उसे सरपंच तथा अन्य ग्रामीणों द्वारा थाने में चोरी की राशि के साथ थाना रायपुररानी में पेश लाया गया। अभिषेक को कल जिला अदालत में पेश किया जाना था तबतक उसे थाना के कक्ष में बंद रखा गया। पुलिस ने लिखित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अभिषेक के खिलाफ धारा 305 एवं 331(3) बीएनएस के अंतर्गत एफआईआर भी दर्ज कर ली थी। बताया गया कि इसी दौरान अभिषेक को थाने के जिस कक्ष में रखा गया वहां उसने खुद को फांसी लगा ली। हालांकि, फांसी कैसे लगाई गई यह स्पष्ट नहीं हो पाया। पुलिस कर्मी जब अभिषेक को देखने के लिए कक्ष में गया तब वह फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस द्वारा उसे तुरंत सिविल अस्पताल, सेक्टर-6, पंचकूला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के थाने मौजूद कर्मचारियों के भी बयान लिए जा रहे थे। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा था।
मामले में बिठाई न्यायिक जांच: चूंकि यह मामला पुलिस हिरासत में हुई मृत्यु से संबंधित है, अतः मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, पंचकूला की निगरानी में न्यायिक जांच की जा रही है, जो वर्तमान में प्रगति पर है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही हैं और इस में यदि कोई पुलिसकर्मी या कोई भी अन्य व्यक्ति दोषी पाए जाते हैं , तो उनके विरुद्ध विधि अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





