पंचकूला में नर्सिंग स्टाफ के सस्पेंशन पर बवाल, पूरे प्रदेश में हड़ताल का ऐलान

गुरुग्राम: पंचकूला में नर्सिंग ऑफिसर्स के निलंबन के विरोध में नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा ने 23 नवंबर को प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। एसोसिएशन ने शुक्रवार को सेक्टर-10 अस्पताल में उप-चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज यादव को पत्र सौंपकर फैसले की जानकारी दी।
नर्सिंग ऑफिसर्स का आरोप है कि पंचकूला में मरीज की मौत के मामले में पांच नर्सिंग ऑफिसर्स, एक सीनियर नर्सिंग ऑफिसर और एक वार्ड अटेंडेंट को बिना निष्पक्ष जांच के निलंबित किया गया है। उनका कहना है कि संबंधित मरीज नर्सिंग ऑफिसर्स के पास पहुंचा ही नहीं था। कर्मचारियों ने निलंबन को वापस लेकर सभी को सम्मान सहित ड्यूटी पर बहाल करने की मांग की है।
एसोसिएशन ने कहा कि किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई से पहले निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। इस कार्रवाई से प्रदेशभर के नर्सिंग स्टाफ में नाराजगी है। इसी के विरोध में 23 नवंबर को सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, एसडीएच, सीएचसी और पीएचसी में नर्सिंग कैडर के नियमित, संविदा और एनएचएम कर्मचारियों ने तीनों शिफ्ट में हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है।
नर्सिंग ऑफिसर्स ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर निलंबित कर्मचारियों को बहाल करने की अपील की, ताकि मरीजों को परेशानी न हो।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि कर्मचारी मरीजों की सेवा जारी रखना चाहते हैं, लेकिन अपने साथियों के साथ हुई कार्रवाई के विरोध में आवाज उठाना भी उनका अधिकार है।





