हरियाणा में एक ही चरण में कराए जाएंगे पंचायत चुनाव: चुनाव आयुक्त धनपत सिंह

रेवाड़ी न्यूज़: राज्य के मुख्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने कहा कि प्रदेश में पंचायत चुनाव सितंबर माह में कराए जाएंगे। वार्ड आरक्षण के लिए किए गए ड्रा के तहत बीसीए की सीटों को सामान्य मानकर चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव में बीसीए वग के लिए आरक्षण का निर्णय ट्रिपल लेयर टेस्ट के बाद ही तय हो सकेगा। धनपत सिंह शनिवार को जिला सचिवालय में अधिकारियों की बैठक से पूर्व पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव एक ही चरण में कराए जाएंगे। इसके तहत पहले जिला परिषद और ब्लॉक समिति के चुनाव होंगे। इसके बाद सरपंचों और पंचों के चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला परिषद और ब्लॉक समितियों के चेयरमैन का चुनाव प्रत्याक्ष नहीं होगा। दोनों के चुने हुए पार्षद ही चेयरमैन का चुनाव करेंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना के चलते पहले ही चुनाव करीब डेढ़ वर्ष लेट हो चुके हैं। अब सितंबर माह के अंत तक यह चुनाव करा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्त इन चुनावों की सभी तैयारियों पूरी कर चुका है। फाइनल डेट का निर्धारण प्रदेश सरकार को करना है।
उन्होंने प्रदेश के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ व मजबूत लोकतंत्र के लिए सभी मतदाताओं को इन चुनावों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। जिला सचिवालय पहुंचने पर डीसी अशोक कुमार गर्ग व अन्य अधिकारियों ने चुनाव आयुक्त का स्वागगत किया। इसके बाद उन्होंने डीसी आॅफिस में अधिकारियों की बैठक ली।