हरियाणा

Palwal: पेंसिल पैकिंग जॉब का झांसा देकर महिला से ठगी

Admindelhi1
8 Nov 2025 10:25 AM IST
Palwal: पेंसिल पैकिंग जॉब का झांसा देकर महिला से ठगी
x

पलवल: साइबर क्राइम थाना पुलिस पलवल ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो घर बैठे पेंसिल पैकिंग की नौकरी का झांसा देकर महिलाओं को ठग रहा था। पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के अलवर जिले से दबोच लिया। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी नवीन कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि गांव टीकरी ब्राह्मण निवासी मुकेश ने 3 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी को एक अज्ञात व्यक्ति ने घर बैठे पेंसिल पैकिंग जॉब दिलाने का झांसा दिया और आवेदन शुल्क के नाम पर 5,700 रुपये की ठगी कर ली। मुकेश ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की, जिसके बाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

राजस्थान से दबोचा गया आरोपी: जांच के दौरान पुलिस ने साइबर तकनीकी विश्लेषण और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे राजस्थान के अलवर जिले के आलमपुर गांव निवासी बलबिंद्र सिंह के रूप में चिन्हित किया। टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। बरामद हुए ठगी से जुड़े सबूत

रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन से ठगी से संबंधित चैट, क्यूआर कोड और कई ट्रांजैक्शन मैसेज बरामद किए हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी एक संगठित ऑनलाइन ठगी गिरोह से जुड़ा हुआ है, जो नौकरी और इनकम स्कीम के नाम पर लोगों को निशाना बनाता है।नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी से कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही नेटवर्क में शामिल अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Next Story