हरियाणा

Palwal: पलवल एसवीएसयू में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों के प्रति जताया सम्मान

Admindelhi1
5 Sept 2026 9:16 AM IST
Palwal: पलवल एसवीएसयू में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों के प्रति जताया सम्मान
x
शिक्षक दिवस पर एसवीएसयू पलवल में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम

पलवल: श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस श्रद्धा एवं उत्साह से मनाया गया। इस मौके पर पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को अत्यंत सम्मान से याद किया गया। विद्यार्थियों ने कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार को शिक्षक दिवस की बधाई दी और उनसे शुभाशीष प्राप्त किया। एसवीएसयू के संस्थापक कुलगुरु डॉ. राज नेहरू को भी विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी और उनका सानिध्य प्राप्त किया।

विभिन्न विभागों में भी शिक्षक दिवस मनाया गया और विद्यार्थियों ने अलग-अलग तरीके से अपने शिक्षकों के प्रति श्रद्धा भाव प्रकट किया। विद्यार्थियों ने अपने प्रिय शिक्षकों को रचनात्मक उपहार भी दिए।

कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने शुक्रवार को इस उपलक्ष्य में कहा कि सच्चे शिक्षक विद्यार्थियों में स्वयं सोचने की क्षमता विकसित करते हैं और उन्हें रचनात्मक तथा नवाचारी बनाते हैं। उन्होंने कहा कि कौशल प्रदान कर विद्यार्थियों को राष्ट्र उपयोगी बनाना हर शिक्षक का लक्ष्य होना चाहिए।

कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार और कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी। प्रबंधन संकाय में डीन प्रोफेसर ज्योति राणा की अध्यक्षता में शिक्षक दिवस मनाया गया। उन्होंने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को इस दिवस की बधाई दी। साथ ही एक आदर्श शिक्षक की भूमिका निभाने का आह्वान भी किया। सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिल कर केक काटा और शुभकामनाएं दी।

Next Story