हरियाणा

Palwal: पलवल में लूट गिरोह का पर्दाफाश

Admindelhi1
23 Feb 2026 8:47 PM IST
Palwal: पलवल में लूट गिरोह का पर्दाफाश
x
"बुजुर्गों को बनाते थे निशाना"

पलवल: बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे बुजुर्गों को निशाना बनाकर नशीला पदार्थ पिलाकर लूट करने वाले गिरोह का सीआईए पलवल ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने हरियाणा के विभिन्न जिलों में इस तरह की 27 वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

डीएसपी अनिल कुमार ने सोमवार को बताया कि मामले का खुलासा नागल ब्राह्मण निवासी धर्मबीर की शिकायत पर हुआ। धर्मबीर ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे ने उनके बैंक खाते में एक लाख रुपये भेजे थे। 10 फरवरी को वह अलावलपुर चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 40 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो युवक उनके पास आए और बातचीत में उलझाकर उन्हें पलवल रेलवे स्टेशन की ओर ले गए। वहां आरोपियों ने उन्हें जूस पिलाने की पेशकश की। मना करने के बावजूद आरोपियों ने जबरदस्ती जूस पिला दिया, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। जूस पीते ही वह बेहोश हो गए और आरोपी उनकी जेब से 40 हजार रुपये निकालकर फरार हो गए।

शिकायत मिलने के बाद कैंप थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीआईए टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। सीआईए ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को नेशनल हाईवे-19 स्थित अलावलपुर चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे बैंक और एटीएम के आसपास बुजुर्गों को निशाना बनाते थे और उन्हें नशीला पदार्थ पिलाकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है और उनके साथियों की तलाश जारी है।

Next Story