हरियाणा

Palwal: जंतर-मंतर लाठीचार्ज के खिलाफ पलवल में ट्रेड यूनियनों का जुलूस

Admindelhi1
25 July 2026 9:29 AM IST
Palwal: जंतर-मंतर लाठीचार्ज के खिलाफ पलवल में ट्रेड यूनियनों का जुलूस
x
लाठीचार्ज के विरोध में पलवल में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

पलवल: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं के आंदोलन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को पलवल जिले की ट्रेड यूनियनों, सर्व कर्मचारी संघ और किसान संगठनों ने देवीलाल पार्क में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए देवीलाल पार्क से आगरा चौक तक जुलूस निकाला और छात्रों की मांगों का समर्थन किया।

प्रदर्शन की अध्यक्षता सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान जितेंद्र तेवतिया, सीटू के जिला प्रधान रामरति चौहान तथा किसान सभा के जिला प्रधान रूप राम तेवतिया ने की। संचालन रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला सचिव हरीशचंद्र वर्मा ने किया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला प्रधान रूप राम तेवतिया और सीटू की जिला प्रधान रामरति चौहान ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज तथा आंसू गैस का प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज को बल प्रयोग से दबाने का प्रयास लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है।

सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान जितेंद्र तेवतिया और किसान नेता धर्मचंद ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है और इसे व्यापार का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय छात्रों की जायज मांगों की अनदेखी कर रही है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जंतर-मंतर लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, नई शिक्षा नीति (एनईपी) को वापस लेने, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए उसे समाप्त करने तथा एक देश-एक परीक्षा व्यवस्था लागू नहीं करने की मांग भी उठाई।

वक्ताओं ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से जिन छात्रों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया, उनके आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। उनका कहना था कि शिक्षा से जुड़े फैसलों में छात्रों के हित सर्वोपरि होने चाहिए और ऐसी नीतियां लागू नहीं की जानी चाहिएं, जिनसे समान अवसर प्रभावित हों।

प्रदर्शन के बाद देवीलाल पार्क से आगरा चौक तक जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन को सीटू जिला सचिव उर्मिला रावत, सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव हरेंद्र देशवाल, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के नेता मास्टर बलजीत सिंह शास्त्री, अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के श्रीपाल सिंह भाटी, बबली सैनी, योगेश शर्मा, देवी सिंह सहजवाल, राजकुमार डागर, सुधीर डागर, सुबेदार सुधीर डागर, डॉ. रघुवीर सिंह, समय राम कुंडू सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

Next Story