हरियाणा

Palwal: मिड-डे-मील वर्कर्स और किसानों का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

Admindelhi1
20 Jun 2026 8:37 AM IST
Palwal: मिड-डे-मील वर्कर्स और किसानों का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
x
"पुतला दहन कर शिक्षा मंत्री के खिलाफ जताई नाराजगी"

पलवल: मिड-डे-मील वर्कर्स यूनियन और किसान संगठनों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। ताऊ देवीलाल पार्क में एकत्रित हुए प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर में जुलूस निकाला और बाद में शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर विरोध जताया।

प्रदर्शन की अध्यक्षता सीटू की जिला प्रधान रामरती चौहान, अखिल भारतीय किसान सभा के जिला प्रधान रूपराम तेवतिया तथा रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान बलजीत शास्त्री ने की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार मिड-डे-मील वर्कर्स की लंबे समय से चली आ रही मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्कर्स को न्यूनतम 26 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाए, 12 माह का मानदेय सुनिश्चित किया जाए तथा सेवानिवृत्ति पर उचित लाभ और सुविधाएं प्रदान की जाएं।

सीटू जिला प्रधान रामरती चौहान और जिला सचिव उर्मिला रावत ने कहा कि जब मिड-डे-मील वर्कर्स का मानदेय निर्धारित किया गया था, उस समय हरियाणा में न्यूनतम वेतन लगभग नौ हजार रुपये था, जो अब बढ़कर 15,220 रुपये हो चुका है। इसके बावजूद मिड-डे-मील वर्कर्स के मानदेय में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई है।

किसान नेताओं मास्टर महेंद्र सिंह चौहान और धर्मचंद ने सरकार की बिजली नीति की आलोचना करते हुए कहा कि बिजली क्षेत्र में निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘एग्री डिस्काम’ के नाम से नई कंपनी बनाकर किसानों को मिलने वाली क्रॉस सब्सिडी समाप्त करने की तैयारी की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान सर्वसम्मति से आगामी आंदोलन की रूपरेखा भी तय की गई। नेताओं ने बताया कि 4 अगस्त को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास का घेराव एवं पड़ाव किया जाएगा, जबकि 10 अगस्त से जिला स्तर पर जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा।

Next Story