Palwal: टेस्ट पास कराने का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरफ्तार

पलवल: जिले के होडल क्षेत्र में विदेश से एमबीबीएस कर चुके एक युवक से टेस्ट पास कराने और अस्पताल में नौकरी दिलाने के नाम पर दस लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। दिल्ली के एक कोचिंग सेंटर के शिक्षक और उसके साथी पर धोखाधड़ी का आरोप है। होडल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी निवासी डॉ. मयंक बेनीवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने यूक्रेन से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। वर्ष 2023 में भारत लौटने के बाद वे एफएमजीई परीक्षा की तैयारी के लिए नई दिल्ली के गौतम नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर में गए, जहां उनकी पहचान शिक्षक अखिलेश कुमार से हुई।
शिकायत के अनुसार अखिलेश ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उसका एक परिचित टेस्ट पास कराने और अच्छे अस्पताल में नौकरी लगवाने की व्यवस्था कर सकता है। इसके बाद उसकी मुलाकात सुरेश नामक व्यक्ति से करवाई गई, जिसने खुद को बेंगलुरु स्थित एक करियर ऑफिस से जुड़ा बताया। दोनों ने 25 लाख रुपये की मांग की, जिसमें दस लाख रुपये अग्रिम देने की बात कही गई।
डॉ. मयंक ने जून 2025 में परीक्षा दी, जिसमें वे असफल रहे। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपियों ने आश्वासन देकर फोन-पे और आरटीजीएस के माध्यम से उनसे दस लाख रुपये ले लिए। भुगतान के बाद उन्हें पास होने का एक प्रमाण पत्र और वेबसाइट लिंक भेजा गया। जांच करने पर वेबसाइट और प्रमाण पत्र दोनों फर्जी निकले। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी और संपर्क बंद कर दिया।
थाना प्रभारी ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।





