
पलवल: जिले के गुलावद गांव में खेत में काम कर रहे एक किसान परिवार पर पड़ोसियों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में किसान दंपती और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की मदद से जिला नागरिक अस्पताल, पलवल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुलावद निवासी द्रोपती देवी ने हसनपुर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार को वह अपने पति करण सिंह और बेटे प्रिंस के साथ खेत में ज्वार का चारा बांध रही थीं। इसी दौरान उनका बेटा चारा लेने के लिए दूसरे खेत में गया, जहां पहले से मौजूद रामेश्वरी, हरेन्द्र, सुरेन्द्र और राजकुमार ने उसे रोक लिया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने प्रिंस के सिर पर फावड़े से वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
बेटे को बचाने के लिए जब द्रोपती देवी और करण सिंह वहां पहुंचे, तो हमलावरों ने दोनों को भी घेर लिया। आरोप है कि उन्होंने गमछे से करण सिंह का गला घोंटने की कोशिश की और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। हमले में करण सिंह के मुंह, कमर और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जबकि द्रोपती देवी को भी लात-घूंसों से पीटा गया। इसी दौरान आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने बीच-बचाव कर किसी तरह तीनों को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों घायल खतरे से बाहर हैं, लेकिन प्रिंस के सिर पर गहरा जख्म है।
हसनपुर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों के खिलाफ हमला, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।





