हरियाणा

Palwal: मीटर लगाने को लेकर विवाद, जेई को दी जान से मारने की धमकी

Admindelhi1
25 Feb 2026 7:15 PM IST
Palwal: मीटर लगाने को लेकर विवाद, जेई को दी जान से मारने की धमकी
x

पलवल: पलवल जिले के होडल स्थित दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम कार्यालय में कार्यरत एक कनिष्ठ अभियंता के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। होडल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बुधवार को बताया कि कनिष्ठ अभियंता रनबीर ने दी शिकायत में कहा है कि 23 फरवरी की दोपहर वह अपने कार्यालय में बैठकर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गांव लोहिना निवासी दलबीर उर्फ दल्लो वहां पहुंचा और बिजली मीटर लगाने की बात को लेकर बहस करने लगा। शिकायत के अनुसार, जब कनिष्ठ अभियंता ने उसे बताया कि संबंधित फाइल निरस्त हो चुकी है, तो आरोपी गुस्से में आ गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आए लाइनमैन धीरेंद्र को भी आरोपी ने धक्का देकर गिरा दिया।

कनिष्ठ अभियंता ने आरोप लगाया कि जाते समय आरोपी ने धमकी दी कि यदि वह गांव लोहिना में मिला तो उसे गोली मार देगा। शिकायतकर्ता ने अपनी और अन्य कर्मचारियों की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और धमकी देने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Story