हरियाणा

Palwal: पलवल में कनेक्टिविटी होगी मजबूत, आगरा नहर के दोनों किनारों पर बनेंगे 40 किमी के मार्ग

Admindelhi1
31 Aug 2026 6:23 PM IST
Palwal: पलवल में कनेक्टिविटी होगी मजबूत, आगरा नहर के दोनों किनारों पर बनेंगे 40 किमी के मार्ग
x
पलवल में सड़क नेटवर्क होगा मजबूत, आगरा नहर के दोनों तरफ 40 किमी मार्ग विकसित होंगे

पलवल: फरीदाबाद-बल्लभगढ़ से पलवल के बीच आवागमन को बेहतर बनाने के लिए आगरा नहर के दोनों किनारों पर करीब 40 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने चंडीगढ़ में लोक निर्माण विभाग मंत्री रणबीर गंगवा से सोमवार को मुलाकात कर इस प्रस्ताव पर चर्चा की।

बैठक में मौजूद अधिकारियों को योजना की तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए।

आगरा नहर के दोनों ओर बेहतर सड़क विकसित होने पर पलवल, बल्लभगढ़ और फरीदाबाद के बीच यात्रा करने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्ता मिल सकेगा। अभी नहर किनारे बसे गांवों और बस्तियों के लोगों को सीमित मार्गों के कारण कई स्थानों पर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। मुख्य मार्गों पर यातायात बढ़ने से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

बैठक में प्रस्तावित सड़क मार्ग के संभावित रूट, तकनीकी व्यवहारिकता, भूमि संबंधी पहलुओं और विभागीय अनुमतियों पर विचार किया गया। अधिकारियों को सर्वे कर योजना का प्रारूप तैयार करने तथा संबंधित विभागों से आवश्यक तालमेल बनाने को कहा गया है।

आगरा नहर से जुड़े मामले में उत्तर प्रदेश सरकार के साथ भी समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि निर्माण और रखरखाव से संबंधित पहलुओं का व्यावहारिक समाधान निकाला जा सके।

मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पलवल की यातायात समस्या का स्थायी समाधान सरकार की प्राथमिकता है। सड़क संपर्क बेहतर होने से स्थानीय निवासियों को राहत मिलने के साथ व्यापारिक गतिविधियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। नहर किनारे के गांवों के लोगों को बाजार, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल तथा सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने में सुविधा होगी।

उन्होंने कहा कि बेहतर मार्ग उपलब्ध होने से किसानों को खेतों और मंडियों तक कृषि उत्पाद पहुंचाने में मदद मिलेगी। साथ ही फरीदाबाद-बल्लभगढ़ से पलवल आने-जाने वालों का समय और ईंधन बच सकता है। योजना धरातल पर उतरने पर मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने और यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।

गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार पलवल में मजबूत सड़क नेटवर्क और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्तावित परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।

Next Story