हरियाणा

Palwal: सीएम नायब सिंह सैनी ने गौरव गौतम के दादा के निधन पर परिवार को दी सांत्वना

Admindelhi1
10 Nov 2025 5:00 PM IST
Palwal: सीएम नायब सिंह सैनी ने गौरव गौतम के दादा के निधन पर परिवार को दी सांत्वना
x

पलवल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार देर शाम पलवल पहुंचे, जहां उन्होंने हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के आवास पर पहुंचकर उनके दादा स्वर्गीय जयपाल गौतम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि स्वर्गीय जयपाल गौतम एक सरल, विनम्र, समाजसेवी और समाज के लिए प्रेरणापुंज थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में सदैव समाज के उत्थान और लोगों की भलाई के लिए कार्य किया। वे क्षेत्र में आपसी सौहार्द, सहयोग और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने के लिए सदैव तत्पर रहे। उन्होंने कहा कि जयपाल गौतम के निधन से न केवल परिवार को, बल्कि पूरे क्षेत्र को एक अपूरणीय क्षति हुई है।

14 नवंबर को बिहार में बनेगी भाजपा की सरकार

इस मौके पर मीडिया की ओर से पूछे गए सवाल के जवाब में सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि राहुल गांधी फ्रस्टेशन में हैं और उनके पास कोई मुद्दा भी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में जो विकास कार्य हुए हैं और गरीब व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है उससे बिहार के लोगों में खुशी का माहौल है। बिहार के 70 लाख किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 6000 रुपए पहुंच रहे हैं। बिहार के एक करोड़ लोगों को मकान बनाकर के दिए गए हैं। बिहार में 4 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड है, जिससे 500000 के इलाज की सुविधा मिल रही है। बिहार में 3 करोड़ से ज्यादा हर घर में नल और स्वच्छ जल पहुंचा है। बिहार में सडक़ों का जाल बिछाया गया है। वंदे भारत ट्रेन और अमृत भारत ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ट्रेन बिहार के लोगों को देने का काम नरेंद्र मोदी ने पिछले 10-11 वर्षों में किया है। उन्होंने कहा की 14 नवंबर को बिहार में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

Next Story