हरियाणा

Palwal: पीसीआर पर हमले से हड़कंप, एसपीओ की वर्दी फाड़ी, आरोपी फरार

Admindelhi1
15 July 2026 6:41 PM IST
Palwal: पीसीआर पर हमले से हड़कंप, एसपीओ की वर्दी फाड़ी, आरोपी फरार
x
झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम से बदसलूकी, हमला कर किया घायल

पलवल: जिले के भिडूकी गांव में घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पीसीआर टीम पर एक युवक ने हमला कर दिया। आरोपी ने एसपीओ के साथ धक्का-मुक्की कर उनकी वर्दी फाड़ दी और ईंट मारकर सरकारी पीसीआर वाहन का शीशा तोड़ दिया। शीशा टूटने से उसके टुकड़े चालक सिपाही के सीने पर लगे, जिससे वह घायल हो गया। हसनपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

हसनपुर थाना प्रभारी हरीओम ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि पीसीआर प्रभारी एएसआई रतन सिंह ने शिकायत में कहा है कि वह चालक सिपाही अमित यादव और एसपीओ उमेश चंद के साथ ड्यूटी पर थे। इसी दौरान भिडूकी गांव निवासी सोनिया का फोन आया। उसने बताया कि उसका भाई राजेश उसके साथ मारपीट कर रहा है और उसे परेशान कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां सोनिया, उसके परिजन और राजेश मौजूद थे। पुलिस दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान राजेश अपने परिजनों से गाली-गलौज करने लगा। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया तो वह पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार करने लगा।

शिकायत के अनुसार, जब एसपीओ उमेश चंद ने राजेश को काबू करने का प्रयास किया तो उसने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे उनकी वर्दी फट गई। इसके बाद आरोपी ने पास पड़ी ईंट उठाकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। फेंकी गई ईंट पीसीआर की ड्राइवर साइड के शीशे पर लगी, जिससे शीशा टूट गया। टूटे हुए शीशे के टुकड़े चालक सिपाही अमित यादव के सीने पर लगे और वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जाते समय उसने पुलिस टीम और अपने परिजनों को धमकी भी दी।

हसनपुर थाना पुलिस ने आरोपी राजेश के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस टीम पर हमला करने, सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाने, गाली-गलौज, मारपीट तथा अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Next Story