हरियाणा

Palwal: बारिश के बाद पलवल में प्रशासन अलर्ट, डीसी ने किया मौके का निरीक्षण

Admindelhi1
4 July 2026 9:57 AM IST
Palwal: बारिश के बाद पलवल में प्रशासन अलर्ट, डीसी ने किया मौके का निरीक्षण
x
"जलभराव की स्थिति का जायजा लेने सड़कों पर उतरे पलवल के उपायुक्त"

पलवल: उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने शुक्रवार को पलवल में विभिन्न क्षेत्रों में उत्पन्न जलभराव की स्थिति का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने के कड़े निर्देश दिए। उपायुक्त ने किठवाड़ी रोड, सल्लागढ़ स्कूल, सुखराम अस्पताल वाली गली स्थित न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी, आदर्श कॉलोनी तथा आर्य नगर सहित विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कुछ स्थानों पर नालियों में गंदगी एवं अवरोध के कारण पानी जमा हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डॉ. छिल्लर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी नालियों एवं जल निकासी मार्गों की तत्काल सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नालियों का पानी शीघ्रता से निकाला जा सके और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखें। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जलभराव की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Next Story