हरियाणा

Palwal: आरती राव ने जनता की समस्याओं का किया निराकरण

Admindelhi1
16 Feb 2026 7:21 PM IST
Palwal: आरती राव ने जनता की समस्याओं का किया निराकरण
x

पलवल: हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने जिला सचिवालय में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक में आम नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई करते हुए 14 में से 9 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस बैठक में जिले के सभी अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान विभिन्न गांवों और शहरों से आए शिकायतकर्ताओं ने पानी के बिल, फसल खराबे के सर्वे, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जनहित से जुड़े मामलों को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गांव पहाड़ी के किसान बलदेव सिंह रावत द्वारा फसल खराबे के सही सर्वे न होने की शिकायत पर मंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए। वहीं शेखपुरा की रजिया की पानी बिल संबंधी शिकायत पर जनस्वास्थ्य विभाग को नियमित रूप से बिल और सूचना भेजने के निर्देश दिए गए।

मंत्री ने अवैध रूप से सवारियां ढोने वाले वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने और लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया।

बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि सरकार की कष्ट निवारण नीति का उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध और पारदर्शी समाधान उपलब्ध करवाना है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Next Story