हरियाणा

Palwal: पलवल में धर्मांतरण मामले के गवाह को घर के बाहर मिला हिंदी-उर्दू पत्र

Admindelhi1
14 March 2026 11:00 AM IST
Palwal: पलवल में धर्मांतरण मामले के गवाह को घर के बाहर मिला हिंदी-उर्दू पत्र
x

पलवल: पलवल जिले के टीकरी ब्राह्मण गांव में पिछले वर्ष सामने आए कथित धर्मांतरण मामले के मुख्य गवाह को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी देने वालों ने प्रशासन द्वारा बंद कराई गई मस्जिद को दोबारा खोलने की चेतावनी भी दी है। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार यह मामला सितंबर 2025 में गांव की एक मस्जिद में एक युवती के कथित जबरन धर्मांतरण से जुड़ा है। उस समय पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिसमें गांव निवासी महेश कुमार मुख्य गवाह हैं। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने संबंधित मस्जिद को बंद करवा दिया था।

शिकायतकर्ता महेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 25 फरवरी को उन्हें अपने खेत वाले घर के सामने करीब दस पन्नों का एक धमकी भरा पत्र मिला। यह पत्र हिंदी और उर्दू दोनों भाषाओं में लिखा गया था। पत्र में बंद मस्जिद को दोबारा खोलकर नमाज पढ़ने की बात कही गई है और ऐसा करने से रोकने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। महेश कुमार ने बताया कि इस घटना के बाद से वह और उनके परिवार के लोग भयभीत हैं। उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गांव में बाहरी लोगों की आवाजाही भी बढ़ गई है। कुछ लोग गांव में आकर हिंदू परिवारों के घरों की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

सदर थाना प्रभारी सुंदरपाल ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को मिले धमकी भरे पत्र की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Story