हिसार में फिलिस्तीन के राजदूत का बड़ा बयान, भारत से ऐतिहासिक रिश्तों पर चर्चा

हिसार: हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा महोत्सव 'प्रबोधिनी' के अंतिम दिन फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला मोहम्मद अबू शावेश विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए भारत और फिलिस्तीन के ऐतिहासिक संबंधों, सांस्कृतिक विरासत और शैक्षणिक सहयोग पर विचार साझा किए।
राजदूत ने कहा कि भारत और फिलिस्तीन की मित्रता केवल आधुनिक कूटनीतिक संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी जड़ें इतिहास में गहराई तक जुड़ी हैं। उन्होंने यरुशलम स्थित भारतीय धर्मशाला और गाजा व हाइफा में भारतीय सैनिकों की कब्रों का उल्लेख करते हुए दोनों देशों के पुराने संबंधों को याद किया।
उन्होंने भारत की प्राचीन सभ्यता, दर्शन, साहित्य, विज्ञान और आध्यात्मिक विरासत की सराहना की। राजदूत ने कहा कि किसी भी देश की वास्तविक ताकत केवल तकनीक और प्राकृतिक संसाधनों में नहीं, बल्कि उसके नागरिकों के ज्ञान, कल्पनाशीलता और चरित्र में भी होती है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि राजदूत का आगमन विद्यार्थियों के लिए वैश्विक सांस्कृतिक और शैक्षणिक संबंधों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय संवाद से भारत और फिलिस्तीन के शिक्षण संस्थानों के बीच शोध, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के नए अवसर विकसित होंगे।





