हरियाणा

नूंह मंडी में धान की आवक तेज, गेट पास व्यवस्था पर उठी उंगलियां

Admindelhi1
22 Oct 2026 4:18 PM IST
नूंह मंडी में धान की आवक तेज, गेट पास व्यवस्था पर उठी उंगलियां
x
नूंह अनाज मंडी में धान की बंपर आवक, गेट पास को लेकर असमंजस

नूंह: जिले की अनाज मंडी में इन दिनों धान की बंपर आवक हो रही है। बड़ी संख्या में किसान अपनी फसल लेकर मंडी पहुंच रहे हैं, जिसके चलते मंडी में चारों ओर धान के ढेर नजर आ रहे हैं। वहीं, धान की आवक के बीच गेट पास जारी करने और फसल का वजन दर्ज करने की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। किसानों का आरोप है कि उन्हें गेट पास नहीं दिया जा रहा, जबकि धान का वजन दर्ज नहीं होने से आढ़तियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

किसान जीत सिंह, जयपाल, दिलजीत सहित अन्य किसानों ने बताया कि मंडी में धान लेकर पहुंचने पर गेट पास के नाम पर केवल किसान का नाम, गांव और मोबाइल नंबर दर्ज किया जा रहा है। उन्हें बाकायदा गेट पास जारी नहीं किया जा रहा। ऐसे में मंडी में फसल की आवक का रिकॉर्ड किस प्रकार दर्ज किया जा रहा है, इसे लेकर किसानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

धान की मात्रा का वजन दर्ज नहीं किए जाने से आढ़तियों के सामने भी मुश्किलें खड़ी हो रही हैं। मंडी के आढ़ती शेर सिंह डागर ने बताया कि किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में कितनी मात्रा में धान मंडी पहुंच रहा है, इसका वजन दर्ज नहीं किया जा रहा। इससे नीलामी के दौरान मार्केट फीस भरने में दिक्कत आती है। साथ ही, मंडी में पहुंची धान की वास्तविक मात्रा का रिकॉर्ड रखना भी चुनौतीपूर्ण हो रहा है।

धान की बंपर आवक को देखते हुए मंडी में गेट पास जारी करने और फसल का सही वजन दर्ज करने की व्यवस्था सुचारु करना जरूरी है। इससे किसानों और आढ़तियों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलने के साथ-साथ सरकारी रिकॉर्ड में भी धान की आवक का सही ब्योरा दर्ज किया जा सकेगा। इस संबंध में मंडी मार्केट कमेटी के अधिकारी प्रदीप डागर ने बताया कि कई बार छोटी-मोटी कमियां रह जाती हैं। इन कमियों को जल्द ही दूर कर लिया जाएगा।

Next Story