हरियाणा

एक अक्टूबर से नूंह में धान और बाजरा की खरीद

Admindelhi1
25 Sept 2026 10:31 AM IST
एक अक्टूबर से नूंह में धान और बाजरा की खरीद
x
किसानों के लिए धान-बाजरा खरीद प्रक्रिया शुरू होगी

नूंह: आगामी खरीफ विपणन सीजन 2026-27 के तहत जिले में धान एवं बाजरा की खरीद एक अक्टूबर से शुरू होगी। खरीद व्यवस्थाओं को लेकर उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में वीरवार को लघु सचिवालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों ने भाग लिया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान एवं बाजरा खरीद शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने मंडियों और खरीद केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, सफाई, हेल्प डेस्क, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में धान की पिछले तीन वर्षों की औसत पैदावार, गैर-बासमती धान के क्षेत्र सत्यापन, बायोमेट्रिक एवं आइरिस उपकरणों की उपलब्धता, नमी मापक यंत्र, वे-ब्रिज, तौल कांटों की कैलिब्रेशन, सीसीटीवी कैमरे, इंटरनेट कनेक्टिविटी और फसल उठान व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने किसानों से अपील की कि वे अपनी धान की फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं। उन्होंने कहा कि धान में नमी की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। अधिक नमी वाली फसल की खरीद में परेशानी हो सकती है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि धान में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत से कम रखने का प्रयास करें, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

उन्होंने अधिकारियों को मंडियों में पर्याप्त संख्या में श्रमिकों की व्यवस्था करने के साथ-साथ तिरपाल, लकड़ी के क्रेट, सफाई सामग्री और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडियों में पहुंचने वाली फसल का नियमित रूप से उठान किया जाए, ताकि मंडियों में अनावश्यक भीड़ न हो और किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर एसडीएम फिरोजपुर झिरका रूहानी, एसडीएम पुन्हाना अमित गुलिया, एसडीएम तावडू जितेंद्र कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तथा डीएफएससी सीमा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story