हरियाणा

हरियाणा में स्वामित्व पोर्टल लॉन्च, 25 लाख संपत्तियों के मालिकों को राहत

Admindelhi1
18 Nov 2026 10:33 AM IST
हरियाणा में स्वामित्व पोर्टल लॉन्च, 25 लाख संपत्तियों के मालिकों को राहत
x
CM सैनी ने लॉन्च किया नया पोर्टल, अब ऑनलाइन मिलेगा संपत्ति का रिकॉर्ड

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ग्रामीण क्षेत्रों की लाल डोरा संपत्तियों के मालिकाना हक से जुड़ी शिकायतों और आपत्तियों के समाधान के लिए स्वामित्व पोर्टल लॉन्च किया। इस पोर्टल के माध्यम से ग्रामीण घर बैठे अपनी संपत्ति का रिकॉर्ड देख सकेंगे और गलतियों को सुधारने के लिए ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 25 लाख संपत्तियां लाल डोरा के अंतर्गत आती हैं। पहले इनका स्पष्ट स्वामित्व रिकॉर्ड नहीं होने के कारण लोगों को संपत्ति की खरीद-बिक्री में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सरकार ने ड्रोन सर्वे और ग्रामीण स्तर पर सत्यापन के माध्यम से संपत्तियों के मालिकाना हक का रिकॉर्ड तैयार किया है।

नए पोर्टल पर नागरिक अपने जिले और गांव का नाम दर्ज कर मोबाइल नंबर से लॉगिन कर सकेंगे। यदि संपत्ति के क्षेत्रफल, किस्म, मालिक के नाम या प्रॉपर्टी आईडी में कोई गलती है, तो 90 दिनों के भीतर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद पोर्टल के माध्यम से वास्तविक मालिकों के स्वामित्व कार्ड स्वतः जनरेट होंगे। नागरिक डिजिटल मानचित्र पर भी अपनी संपत्ति देख सकेंगे।

मुख्यमंत्री सैनी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने मकान और प्लॉट का विवरण जांचें तथा रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर समय रहते शिकायत दर्ज कराएं। सरकार का उद्देश्य संपत्ति रिकॉर्ड को पारदर्शी बनाकर ग्रामीणों के मालिकाना अधिकारों को मजबूत करना है।

Next Story